नई टिहरी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की सराहना की। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
तिरंगा रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चम्बा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। श्रीदेव सुमन पार्क से निकली रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
रैली में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी और एसडीएम कमलेश मेहता ने विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा जिम्मेदार एवं बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गईं रचनात्मक गतिविधियां
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनमें राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने 13 अगस्त को नई टिहरी के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कविता, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से देशभक्ति की भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कविता प्रतियोगिता: वीबीएस पब्लिक स्कूल की कुमारी आकृति ने प्रथम, ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल की कुमारी अवंतिका ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिमा चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता: ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल के आरुम हुसैन ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आरुषी ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता: ऑल सेंट कान्वेंट स्कूल की रिद्धिमा ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कुमारी फाइजा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की रहनुमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी ने बयां की विस्थापन की पीड़ा
विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में सूचना विभाग, टिहरी की ओर से भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उस दौर की पीड़ादायक स्मृतियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में तस्वीरों एवं विवरण के माध्यम से विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और अपने घर-बार से बिछड़ने की मार्मिक कहानी को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर विभाजन के बाद पाकिस्तान से टिहरी पहुंचे परिवारों के सदस्यों को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान का यह क्षण भावुक कर देने वाला रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चम्बा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
