गणेश गोदियाल का दावा, 2027 में भाजपा की विदाई तय

विकासनगर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर पछवादून क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया। प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

संजय जैन ने प्रदेश अध्यक्ष को पछवादून क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में भाजपा के प्रति कथित नाराजगी और कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन का पक्ष रखा। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी भी दी।

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद गणेश गोदियाल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है और वह दिन जल्द आएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इस दौरान विकासनगर शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने भी पछवादून क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति पर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कई क्षेत्रों में कांग्रेस को सफलता मिलेगी। बैठक में हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, प्रशांत यादव समेत कई स्थानीय कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं और पछवादून सहित अन्य क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->