स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम आशीष कुमार भटगांई ने दिए कड़े निर्देश

लिंगानुपात में सुधार, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने पर दिया जोर

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में जनपद के लिंगानुपात की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता, नियमित निगरानी और समन्वित प्रयासों के माध्यम से ही लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार लाया जा सकता है।

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य करते हुए अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए।

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा अथवा गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आपसी समन्वय एवं लक्ष्य आधारित रणनीति के साथ कार्य करते हुए टीकाकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

सरकार के महत्वाकांक्षी ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित टीबी रोगियों की समय पर पहचान, जांच, उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए जनपद को शीघ्र टीबी मुक्त बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय हैं। इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएमओ डॉ. जेएस चुफाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा, जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक हिमांशु नौगाई सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->