उत्तरकाशी,
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित ज्ञानसू शौर्य स्थल पर शनिवार को ‘शौर्य दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने कारगिल शहीद राइफलमैन दिनेश चंद्र कुमांई के चित्र पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान कुमाऊँ रेजिमेंट, आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस तथा एनसीसी की टुकड़ियों ने शहीदों के सम्मान में आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। समारोह में कारगिल शहीद राइफलमैन दिनेश चंद्र कुमांई की वीरांगना पत्नी अनीता देवी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों और विशेष रूप से युवाओं को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन और विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों ने अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की तथा ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं गीतों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। साथ ही देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने क्षेत्रवासियों को एक मंच पर आकर देश के अमर शहीदों को नमन करने और उनके बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सेवानिवृत्त मेजर आर.एस. जमनाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी संदीप नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, सूबेदार मेजर वीरेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त), सूबेदार महावीर सिंह राणा (सेवानिवृत्त), हरि सिंह (कुमाऊँ रेजिमेंट), एनसीसी सूबेदार राजकुमार, प्रेम सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
