खाद्य सुरक्षा विभाग चला रहा जागरूकता अभियान, कारोबारियों को दिए जा रहे सुरक्षित खाद्य मानकों के निर्देश

नई टिहरी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल में खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता बैठकों का आयोजन कर खाद्य सुरक्षा के नवीनतम नियमों, स्वच्छता मानकों तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित भोजन परोसने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

इसी क्रम में यात्रा मार्ग के प्रमुख केंद्र चंबा में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई, जिसमें खाद्य सुरक्षा से जुड़े नवीनतम प्रावधानों की जानकारी देने के साथ-साथ व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई।

विभाग द्वारा अब तक कैम्पटी, धनोल्टी, आगराखाल, नरेंद्रनगर, तपोवन, ब्यासी सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य कारोबारकर्ताओं के साथ जागरूकता बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व त्रिधारा एवं घनसाली क्षेत्र में भी उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गणेश कंडवाल के नेतृत्व में बैठकें आयोजित कर कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा सीजन के दौरान मई माह से विभाग की सचल खाद्य विश्लेषणशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) द्वारा यात्रा मार्ग के विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। इस दौरान लगभग 270 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से करीब 50 नमूने अधोमानक पाए गए। ऐसे खाद्य पदार्थों को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित कारोबारियों को दिए गए तथा उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए जागरूक किया गया।

सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मुनिकीरेती, नरेंद्रनगर, आमसीरा, खाड़ी, कमांद एवं कंडीसौड़ बाजारों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां व्यापारियों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के भंडारण, बिक्री एवं स्वच्छता मानकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एक्सपायरी अथवा कालातीत खाद्य पदार्थों के विक्रय एवं उपयोग से बचने की विशेष हिदायत दी गई। कारोबारियों को फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाने तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

व्यापार मंडल चंबा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह पुंडीर, कोषाध्यक्ष अमित सिंह चौहान, विकास बहुगुणा, राकेश गुनसोला, नरेंद्र चंद्र रमोला, संजय रावत सहित अनेक व्यापारी एवं खाद्य कारोबारकर्ता उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->