किच्छा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तमंचों और कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

किच्छा। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत किच्छा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई में चेकिंग के दौरान 19 वर्षीय जितेन्द्र कश्यप पुत्र राधे श्याम, निवासी वार्ड नंबर-16, किच्छा को चीनी मिल के पास से पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में 22 वर्षीय रोहित कश्यप पुत्र छोटे लाल, निवासी विकास कॉलोनी, वार्ड नंबर-16, किच्छा को किशनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनके स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->