सितारगंज में डीजल चोरी गिरोह पर शिकंजा, एक और आरोपी गिरफ्तार

सितारगंज। सड़क किनारे खड़े ट्रकों से रात के समय डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सितारगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी-500 और चोरी किया गया 160 लीटर ईंधन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय कपिल पुत्र सत्यवीर, निवासी वार्ड नंबर-1, गुलशननगर, थाना नवाबगंज, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 22 अगस्त को बरेली से गिरफ्तार किया।

इस मामले में पुलिस इससे पहले विमल गंगवार, निवासी नवाबगंज, बरेली को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद उसे सितारगंज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरोह में शामिल पवन और सचिन, दोनों निवासी बरेली, अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे खड़े वाहनों से ईंधन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान जारी है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक दीपक तिवारी (प्रभारी चौकी सरकड़ा) और कांस्टेबल इमदाद हुसैन शामिल रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->