नई टिहरी। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी और निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में घनसाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान 43 किलो 570 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार को भी कब्जे में लिया है।
घनसाली पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान घुमेटीधार क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या HR51BG9762 ईको स्पोर्ट्स को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच के दौरान उसमें रखे छह प्लास्टिक कट्टों से कुल 43 किलो 570 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ संजू पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम एवं तहसील नरवाना, जिला जींद, हरियाणा तथा रघुवीर सिंह पुत्र सरदार सिंह, निवासी शास्त्री नगर, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थ का परिवहन कर रहे थे। मामले में थाना घनसाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल भट्ट, अपर उपनिरीक्षक भास्कर, हेड कांस्टेबल मनीष कंडारी, कांस्टेबल अरविंद कुमार और होमगार्ड रोहित कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
