उत्तरकाशी, 14 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के अंतर्गत 09 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान से भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। तिरंगे की शान में निकली रैली के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर हो गया।
तिरंगा साइकिल रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति गौरव तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैली में पर्यटन विभाग एवं एडवेंचर्स ट्रैवलिंग इन हिमालय (Cyclopethy MTB Club) द्वारा प्रशिक्षित MTB राइडर्स ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षित राइडर्स की सहभागिता ने रैली को विशेष आकर्षण प्रदान किया और युवाओं को साहसिक खेलों तथा राष्ट्रप्रेम से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, प्रेम सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सीएचओ रजनीश सिंह, डीटीडीओ खुशाल नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय भंडारी, प्रभारी डीएसओ निधि बिंजोला, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
