एसआईआर के तहत 43,625 मतदाताओं के मामलों में कार्रवाई, 1.17 लाख को नोटिस जारी

नई टिहरी। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत नोटिस, सुनवाई और प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई जारी है। इसी संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने एसआईआर के अंतर्गत नोटिस, सुनवाई एवं निस्तारण की प्रगति की जानकारी दी।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर के तहत सभी पात्र मतदाताओं को सुनवाई का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस अभियान में सहयोग करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर जागरूक करने की अपील की।

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जनपद में प्रारूप निर्वाचक नामावली से हटाए गए कुल 43,625 मतदाताओं के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विसंगति एवं अनमैप श्रेणी में शामिल कुल 1,17,501 मतदाताओं को निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं। संबंधित प्रकरणों में सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की कार्रवाई गतिमान है। सुनवाई की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निस्तारण किया जाना है।

उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 34,406 प्रकरणों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति के अनुसार घनसाली में 2,697, देवप्रयाग में 8,423, नरेंद्रनगर में 6,462, प्रतापनगर में 3,675, टिहरी में 5,053 तथा धनोल्टी में 8,096 प्रकरणों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

बैठक में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र एवं संबंधित व्यक्तियों की सुनवाई प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित कराने में सहयोग करने की अपील की।

एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी ने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाने की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में फॉर्म-6 के संबंध में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि गब्बर सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, जयेंद्र पंवार, एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी, डीडीओ मो. असलम, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->