सरस्वती विद्या मंदिर में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का आयोजन, 150 से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

नई टिहरी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माई भारत के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, नई टिहरी में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नशामुक्त भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए चित्रकला, काव्य पाठ, रील मेकिंग, समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिता सहित आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से खेल, साहित्य, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बी.डी. कुनियाल, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकर लाल, एनएसएस अधिकारी पी.सी. उनियाल, माई भारत टिहरी गढ़वाल की टीम, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समापन समारोह में आठों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेते हुए नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने की शपथ ली।

!-- Google tag (gtag.js) -->