सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट में धरना, कार्रवाई न होने पर चक्का जाम और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

नई टिहरी।
प्रतापनगर क्षेत्र के राजस्व ग्राम बेथाण और बुरांशखंड तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य शैला रमोला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा और लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे डोबरा-चांठी में चक्का जाम करेंगे। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए भी मजबूर होंगे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आजादी के सात दशक बीत जाने के बावजूद राजस्व ग्राम बेथाण और बुरांशखंड तोक आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। गांव तक राशन, गैस सिलेंडर, गृह निर्माण सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं आज भी लोगों को पीठ पर ढोकर पहुंचानी पड़ती हैं। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गंभीर मरीजों को अस्पताल या सड़क तक पहुंचाने के लिए डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ता है, जिससे कई बार जान का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। राज्य सरकार की जनसुनवाई में भी यह मुद्दा लगातार उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापन में मांग की गई कि राजस्व ग्राम बेथाण तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द प्रभावी पहल नहीं हुई तो ग्राम पंचायत गैरी और राजस्व ग्राम बेथाण के लोग व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व प्रमुख प्रदीप रमोला, प्रधान भाग सिंह नेगी, प्रधान अभिषेक नेगी, पूर्व प्रधान सूरज रमोला, पूर्व प्रधान छप्पन सिंह, प्रिंसी रावत, दीपक बगियाल, बचन सिंह, अनार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->