रुद्रप्रयाग। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला प्रशासन के सहयोग तथा SIS India Ltd. एवं भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न विकास खंड मुख्यालयों पर विशेष भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार यह भर्ती अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सुरक्षा जवान पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होना आवश्यक है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण, आयु 19 से 40 वर्ष और न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं की अंकतालिका एवं आधार कार्ड की छायाप्रति लानी होगी। चयनित अभ्यर्थियों से 350 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। इसके बाद उन्हें देहरादून स्थित प्रशिक्षण केंद्र में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें सिविल डिफेंस से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सरकारी एवं निजी संस्थानों में की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 16,000 से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन के साथ PF, ESI, ग्रेच्युटी, बीमा, पेंशन सहित अन्य कर्मचारी कल्याण योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
भर्ती शिविर का कार्यक्रम
– 7 एवं 10 अगस्त: ऊखीमठ विकास खंड मुख्यालय
– 11 एवं 12 अगस्त: अगस्त्यमुनि विकास खंड मुख्यालय
– 13 एवं 14 अगस्त: जखोली विकास खंड मुख्यालय
सभी भर्ती शिविर प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विकास खंड अधिकारियों को भर्ती शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9509896497 एवं 7905086105 पर संपर्क कर सकते हैं।
