रुद्रप्रयाग। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह तिलवाड़ा क्षेत्र में नगर पंचायत शौचालय के समीप बरसाती नाले से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर आ गिरा। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की त्वरित कार्रवाई से जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाकर मार्ग को शीघ्र ही यातायात के लिए खोल दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर राहत एवं मार्ग बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिए कि इस संवेदनशील स्थल पर मशीनरी और पर्याप्त मानव संसाधन हर समय तैनात रखें, ताकि दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात बाधित न होने दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बरसाती नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि ऊपरी क्षेत्र में मलबा जमा होने से भविष्य में खतरे की आशंका है तो उसका विस्तृत निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित तकनीकी रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाए। रिपोर्ट के आधार पर स्थायी सुरक्षा और उपचारात्मक उपायों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिलवाड़ा श्री केदारनाथ यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में इस मार्ग की नियमित निगरानी, रखरखाव और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने वर्षाकाल के दौरान जिले के सभी भूस्खलन संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा मशीनरी और आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।
