1. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में उमेश और चंद्रप्रकाश ने मारी बाजी
जूनियर और सीनियर वर्ग में विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का दम, विजेताओं को किया सम्मानित
फोटो कैप्शन: विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि।
बेरीनाग। विकासखंड बेरीनाग के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. धनी ग्वासीकोटी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। ब्लॉक विज्ञान समन्वयक जगजीवन प्रसाद ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों एवं भविष्य में इसके विस्तार की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन सुंदर सिंह महरा ने किया। पूर्व ब्लॉक विज्ञान समन्वयक प्रदीप जोशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद दूसरे चरण में क्विज प्रतियोगिता कराई गई। सीनियर वर्ग में उमेश कुमार ने प्रथम, प्रियांशु जोशी ने द्वितीय और कनिष्का नेवलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में चंद्रप्रकाश जोशी प्रथम, अंश धानिक द्वितीय और अनुष्का तृतीय स्थान पर रहीं।
दोनों वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी जनपदीय प्रतियोगिता में विकासखंड बेरीनाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
—
2. गणाई में विवाहिता 13 दिन से लापता, पुलिस ने शुरू की तलाश
बिजली का बिल जमा करने घर से निकली थी बाबी देवी, अब तक नहीं लौटीं
फोटो कैप्शन: लापता बाबी देवी।
बेरीनाग। बेरीनाग कोतवाली क्षेत्र के फड़ियाली गांव निवासी 32 वर्षीय बाबी देवी पत्नी सुनील कुमार पिछले 13 दिनों से लापता हैं। परिजनों के अनुसार बाबी देवी 17 अगस्त को घर से गणाई गंगोली बिजली का बिल जमा करने के लिए निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटीं।
काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी आसपास के क्षेत्रों सहित संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने बेरीनाग कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
कोतवाल नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। महिला का फोटो जिले की विभिन्न चौकियों और थानों को भेजा गया है। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर महिला की तलाश कर रही है। पुलिस ने जल्द महिला का पता लगाने का भरोसा दिलाया है।
—
3. समाज कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाएं: नेवलिया
गंगोलीहाट में समीक्षा बैठक, पीएमजीएसवाई और लोनिवि के कार्यों की भी हुई समीक्षा
फोटो कैप्शन: गंगोलीहाट में बैठक लेते दायित्वधारी दीपक नेवलिया।
बेरीनाग। विकासखंड गंगोलीहाट में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राज्य स्तरीय समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के सदस्य एवं दायित्वधारी दीपक नेवलिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की जानकारी ली।
नेवलिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनियमितता न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में पीएमजीएसवाई एवं लोनिवि से संबंधित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए नेवलिया ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, खंड विकास अधिकारी प्रदीप बिष्ट, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोबाल समेत कई कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इससे पूर्व विकासखंड कार्यालय पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दायित्वधारी दीपक नेवलिया का स्वागत किया।
