चिन्यालीसौड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, 19 वर्षीय चालक की मौत

चिन्यालीसौड़, 2 जून। धरासु से ग्राम न्यू खालसी मांड की पेयजल आपूर्ति के लिए पानी लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन मंगलवार शाम दर्दनाक दुर्घटना का शिकार हो गया। वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK07CA-9825 में 1000-1000 लीटर क्षमता की दो पानी की टंकियां भरकर धरासु से न्यू खालसी मांड ले जाई जा रही थीं। सोमवार शाम करीब 6 बजे न्यू खालसी मांड मोटर मार्ग पर थोला से लगभग 6 किलोमीटर आगे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना में वाहन चालक सूरज (19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मंगशीरू लाल, निवासी ग्राम जामणी नागराजधार, थाना छाम, जनपद टिहरी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिल सका और गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद मंगलवार को चिन्यालीसौड़ अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

युवा चालक की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत युवक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->