दयारा बुग्याल में लापता महिला ट्रेकर की तलाश जारी, कई एजेंसियां संयुक्त अभियान में जुटीं

उत्तरकाशी, 2 जून। दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र में लापता हुई महिला ट्रेकर की तलाश के लिए पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा व्यापक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। 29 मई 2026 की रात्रि को महिला ट्रेकर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है। अभियान में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन तथा श्वान दस्तों की भी सहायता ली जा रही है।

रविवार और सोमवार को चलाए गए खोज अभियान के बाद मंगलवार, 2 जून को प्रातःकाल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग, आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम, आईटीबीपी तथा सेना के जवानों ने स्थानीय लोगों और पोर्टरों के सहयोग से विभिन्न दलों का गठन कर दयारा ट्रेक क्षेत्र की अलग-अलग दिशाओं में पुनः सघन तलाशी अभियान शुरू किया। लापता ट्रेकर की खोज के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी प्राप्त होने के बाद से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय लगातार खोज अभियान की समीक्षा एवं निगरानी कर रहे हैं। उनके निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार पिछले दो से तीन दिनों से दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर स्वयं खोज अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन एवं अभियान में शामिल सभी एजेंसियां महिला ट्रेकर की सुरक्षित तलाश के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि संयुक्त प्रयासों और व्यापक सर्च ऑपरेशन के माध्यम से जल्द ही सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->