राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने आयोजित की प्रमुख जन गोष्ठी

पुरोला। संवाददाता

संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पुरोला जिला इकाई के तत्वावधान में रविवार को सेवा, संकल्प और समर्पण की भावना को लेकर एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया।

नगर पालिका सभागार में आयोजित इस गोष्ठी में प्रांत एवं जिला स्तर के संघ पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए संघ के कार्यों, उसकी रीति-नीति और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर विस्तृत प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उपस्थित जनों से संघ की विचारधारा को घर-घर और जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सह-प्रांत संपर्क प्रमुख डॉ. अभय जी ने कहा कि संघ अपने 100 वर्ष पूर्ण कर चुका है। स्थापना काल से लेकर अब तक संघ ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए निरंतर कार्य किया है। शाखाओं के माध्यम से संघ ने समाज में शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक, नैतिक और राष्ट्रीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि हमें न केवल सनातन मूल्यों की रक्षा करनी है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को आदर्श, कर्तव्यनिष्ठ और उत्तरदायी बनाने का भी संकल्प लेना होगा। राष्ट्रीय एकता ही देश को विरोधी ताकतों से सुरक्षित रखने का सबसे बड़ा आधार है।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों में संस्कृति, संस्कार और आदर्शों के बीज रोपित करें, ताकि हमारी राष्ट्रीय परंपराएं सदैव जीवंत बनी रहें।

कार्यक्रम में विभाग संघ चालक जयपाल, जिला संघ चालक कबूल पंवार, जिला कार्यवाह दिनेश, व्यवस्था प्रमुख प्रभात बिजल्वाण, बलदेव रावत, फकीर चंद रावत, नवीन, अजीत, पुलम, राजपाल, रामचंद्र पंवार, अमित नौडियाल, एलम पंवार, विक्रम रावत, त्रेपन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->