विकासनगर। शहर की लंबे समय से चली आ रही यातायात अव्यवस्था को लेकर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष (डिग्री कॉलेज डाकपत्थर) राहुल शर्मा ने पहल करते हुए देहरादून में एसपी ट्रैफिक शाहजेहन जावेद खान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विकासनगर की बिगड़ती ट्रैफिक स्थिति पर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में राहुल शर्मा ने बताया कि वर्षों से विकासनगर की ट्रैफिक व्यवस्था उपेक्षा का शिकार रही है। शहर में रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विकासनगर में स्थायी ट्रैफिक पुलिस बल और सीपीयू (CPU) की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
राहुल शर्मा ने कहा कि विकासनगर बाजार जौनसार-बावर, हिमाचल प्रदेश और उत्तरकाशी-रवाई क्षेत्र के लोगों के लिए एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। इन इलाकों से आने वाले वाहनों की अधिक संख्या के कारण बाजार क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इसके साथ ही, अव्यवस्थित पार्किंग और आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आने वाले चारधाम यात्रा सीजन में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे ट्रैफिक दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में समय रहते प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन बेहद जरूरी है।
एसपी ट्रैफिक शाहजेहन जावेद खान ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए राहुल शर्मा को आश्वस्त किया कि विकासनगर में जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में देहरादून पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे जनपद में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नए ट्रैफिक थानों की स्थापना की योजना बनाई गई है, जिसमें विकासनगर के लिए अलग ट्रैफिक पुलिस स्टेशन भी प्रस्तावित है।
इस पहल का स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही विकासनगर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
