बैरिकेडिंग तोड़ने के प्रयास पर पुलिस ने किया बल प्रयोग, भगदड़ जैसी स्थिति; पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बेहोश

कलेक्ट्रेट बना सियासी अखाड़ा, आमने-सामने भाजपा-कांग्रेस

सुल्तान अंसारी, रुद्रपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंच गया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की नारेबाजी, धक्का-मुक्की और बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

कांग्रेस ने निकाला कलेक्ट्रेट मार्च

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण के विरोध और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट कूच किया। यूथ कांग्रेस समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नैनीताल रोड से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े।

पुलिस ने पहले से ही कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। प्रदर्शनकारी जैसे ही कलेक्ट्रेट के नजदीक पहुंचे, उन्होंने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेला। हालात नहीं संभलने पर पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को पीछे किया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागते नजर आए।

पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने जताया विरोध

पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ बल प्रयोग किया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर डंडे से चोट पहुंचाने के आरोप भी लगाए। हालांकि, पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

हंगामे के दौरान कलेक्ट्रेट गेट के पास पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इससे मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया।

कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे कांग्रेसी

पुलिस से झड़प के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने और हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, सुमित्तर भुल्लर, ममता रानी, संजय जुनेजा, सर्वेश कुमार, अशोक राय, सौरभ शर्मा, अखिलेश सिंह, गुल मोहम्मद, निशांत शाही, श्यामल मंडल, फैजल अंसारी, राजू कोली और रविंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपाई

उधर, कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता भी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। भाजपा नेताओं का आरोप था कि कांग्रेस नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार धमकियां देते हुए आमने-सामने आने की चुनौती दे रहे हैं। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया।

मेट्रोपोलिस सिटी गेट के पास एकत्र भाजपा कार्यकर्ता झंडे और बैनर लेकर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। इस दौरान नैनीताल हाईवे पर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की गई और राहुल गांधी का पुतला भी फूंका गया।

कलेक्ट्रेट के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद पुलिस के सामने स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें अलग रखा।

बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास पर पुलिस ने दिखाई सख्ती

भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक नारेबाजी और तीखी नोकझोंक होती रही। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित रखा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण मामला बड़े टकराव में बदलने से टल गया।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

महापौर विकास शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक हितों के लिए समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। भाजपा नेताओं ने हल्द्वानी के मामले को लेकर कांग्रेस पर कथित तौर पर भ्रामक प्रचार करने का भी आरोप लगाया।

घंटों तनावपूर्ण रहा माहौल

एक ही दिन में भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग प्रदर्शन और फिर दोनों पक्षों के कलेक्ट्रेट के बाहर आमने-सामने आने से पुलिस-प्रशासन की चुनौती बढ़ गई। बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास, पुलिस की कार्रवाई और दोनों ओर से लगातार नारेबाजी के कारण कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्र में घंटों तनाव का माहौल बना रहा।

पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग रखते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी। भारी पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।

!-- Google tag (gtag.js) -->