जखोल समेत उत्तरकाशी के दूरस्थ गांवों में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का महाअभियान शुरू

उत्तरकाशी, 8 जून। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सोमवार से शुरू हो गया। यह महाअभियान आगामी 7 जुलाई तक निरंतर चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनपद के दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में मोरी विकासखंड के सुदूरवर्ती गांव जखोल में बीएलओ ने घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया।

अभियान के दौरान बीएलओ प्रत्येक परिवार को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ ही मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों का परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में सत्यापन करेंगी। इसके अलावा भरे हुए गणना प्रपत्रों को मौके पर ही प्राप्त कर आवश्यक अभिलेखों का मिलान भी किया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने विवरणों की जांच कर सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिहीन बनाया जा सके। इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मृत, स्थानांतरित या अपात्र व्यक्तियों के नामों का नियमानुसार संशोधन करना है।

!-- Google tag (gtag.js) -->