मद्महेश्वर धाम यात्रा आज से फिर शुरू, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मार्ग, ट्रॉली स्थल और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश; तीन चरणों में संचालित होगी ट्रॉली

ऊखीमठ, 19 अगस्त। जनसुरक्षा और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा-2026 बुधवार, 19 अगस्त से पुनः शुरू हो गई है। यात्रा संचालन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग, ट्रॉली स्थल और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

यात्रा पुनः शुरू करने का निर्णय उपजिलाधिकारी ऊखीमठ की ओर से पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त रिपोर्ट तथा स्थलीय निरीक्षण के आधार पर लिया गया। संबंधित विभागों की जांच आख्या के बाद यात्रा मार्ग को यात्रियों के आवागमन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने पर यात्रा संचालन की अनुमति दी गई।

ट्रॉली स्थल पर तैनात रहेगा पुलिस बल

यात्रा के दौरान ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सहायता के साथ-साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा मार्ग पर दुर्घटना या आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन चरणों में होगा ट्रॉली का संचालन

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रॉली संचालन का समय निर्धारित किया गया है। ट्रॉली का संचालन तीन चरणों में होगा—

– सुबह 6:30 से 9:00 बजे तक
– सुबह 10:30 से दोपहर 1:00 बजे तक
– दोपहर 2:30 से शाम 6:00 बजे तक

इन समयांतरालों के बीच विश्राम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े इंतजामों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम और मार्ग की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से यात्रा करें।

!-- Google tag (gtag.js) -->