जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। जनता दरबार में कुल 58 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन सहित अन्य समस्याएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संबंधित लंबित पेंशन एवं जीपीएफ प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण किसी भी स्तर पर लंबित है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कॉम्पैक्टरों की स्थिति, संचालन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता दरबार में विकासखंड नरेंद्रनगर के ग्राम पसर के निवासियों ने बताया कि बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किमी 8 पर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण पिछली बरसात में खेत बह गए, जिससे ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने स्कपर एवं सुरक्षा दीवार बनाए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, पुलमदास, जिला कोषाध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा ने ग्राम पंचायत घियाकोटी एवं बिंदालकोटी तक संपर्क मार्ग एवं सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सीआरए को मामले में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विकासखंड प्रतापनगर के ग्राम पनियाला निवासी संजय पैन्यूली ने बताया कि सोलर पंपिंग पेयजल योजना पनियाला की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले पांच माह से आमजन को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम घनसाली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

तहसील टिहरी क्षेत्र के ग्राम जाख निवासी विमला उनियाल ने बताया कि उनका अंत्योदय राशन कार्ड है, लेकिन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से संबंधित दुकानदार द्वारा उन्हें दो माह का राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर मामले में कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थी को राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार विकासखंड थौलधार के ग्राम डांग गुंसाई निवासी पिंगल दास ने सड़क निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं, ग्राम गवाणा, हिसरीयाखाल, कीर्तिनगर निवासी राजेंद्र सिंह ने शस्त्र लाइसेंस अपने नाम किए जाने सहित अन्य मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रकरणों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

!-- Google tag (gtag.js) -->