देहरादून। उत्तराखंड के सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अगस्त 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की किस्त वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इसके तहत प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में 147 करोड़ 5 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई।
सरकार के अनुसार, अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। इनमें सबसे अधिक 3,945 वृद्धावस्था पेंशन, 1,000 विधवा पेंशन और 416 दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं। इसके अलावा किसान, परित्यक्ता और भरण-पोषण अनुदान से जुड़े लाभार्थियों को भी योजना में शामिल किया गया है।
इन योजनाओं का मिल रहा लाभ
प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कुल लाभार्थियों में 2,14,711 लोग राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत और 7,77,203 लाभार्थी राज्य की योजनाओं के तहत शामिल हैं।
आधार की समस्या होने पर भी नहीं रुकेगी पेंशन
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को पेंशन प्राप्त करने में परेशानी न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारण से आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण किसी पात्र व्यक्ति की पेंशन न रुके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन योजनाओं से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने तथा पात्र लाभार्थियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
#Uttarakhand #उत्तराखंड #PushkarSinghDhami #पेंशन #SocialSecurityPension #CMDhami #उत्तराखंड_समाचार #सरकार #PensionScheme
