पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत थे क्षेत्रवासी, विकास कार्यों के शीघ्र धरातल पर उतरने की उम्मीद
उत्तरकाशी, 3 सितंबर। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के बनचौरा क्षेत्र की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा धरना मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद बुधवार को समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के पश्चात क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री खजानदास एवं भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से धरना समाप्त करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री को बनचौरा में विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भी किया गया।
चौहान ने कहा कि 17 दिनों तक चला संघर्ष बनचौरा क्षेत्र की एकजुटता, धैर्य और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के संकल्प का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि धरना भले ही समाप्त हो गया है, लेकिन क्षेत्र के विकास और मांगों के समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के अनुरूप पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होगी और विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास, क्षेत्रवासियों के अधिकार और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चौहान ने कहा कि यमुनोत्री क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री ने कभी जनता को निराश नहीं किया है और वे अपने वादों पर खरे उतरते रहे हैं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में दशगी-हातड़ बिष्ट पट्टी संघर्ष समिति के सचिव जगवीर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य दशगी दीपेंद्र कोहली, ब्लॉक अध्यक्ष प्रधान संगठन चिन्यालीसौड़ अक्वीर सिंह राणा, इंद्रपाल सिंह राणा, ब्रह्मानंद मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीपाल चौहान, विजय बड़ौनी, जयप्रकाश भट्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. शैलेंद्र कोहली, अनोज भट्ट, नीतीश रमोला, बिपिन राणा, मनवीर महंत आदि शामिल रहे।
