गडकरी ने धामी के प्रस्ताव पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को भेजा पत्र
उत्तरकाशी/देहरादून, 08 सितंबर। चंद्रप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक के महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की दिशा में बड़ी उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर कार्रवाई शुरू कर दी है। गडकरी ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग को ऑलवेदर रोड एवं चारधाम परियोजना से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के अनुरोध को संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
हालांकि, यह अभी प्रक्रियात्मक स्तर पर हुई पहल है और मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिए जाने का अंतिम निर्णय तकनीकी परीक्षण एवं अन्य औपचारिकताओं के बाद ही होगा।
यह मार्ग उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग—तीन जनपदों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग साबित हो सकता है। इसके राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से चारधाम यात्रा के साथ-साथ स्थानीय आवागमन, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल सकता है।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग रही है कि इस मार्ग को सीधे ऑलवेदर रोड परियोजना में शामिल किया जाए, जिससे चारधाम यात्रा के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो सके। अब इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ना भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेश की महत्वपूर्ण सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने के प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखते रहे हैं। इसी क्रम में उत्तरकाशी-तिलवाड़ा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ा है।
सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उत्तरकाशी और चमोली जैसे सीमांत जनपदों की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से निकटता को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है। ऐसे में इस प्रस्ताव पर कार्रवाई शुरू होने से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और पर्वतीय बुनियादी ढांचे के विकास की उम्मीद बढ़ी है।
