मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था का लिया जायजा; नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
चमोली, 05 सितंबर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और निगरानी प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और अलार्म सिस्टम की नियमित जांच एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी सामने आने पर उसका तत्काल समाधान करने को कहा।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-04 बद्रीनाथ की ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भी निरीक्षण किया और उनके सुरक्षित रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने ईवीएम-वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और वेयरहाउस में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, कांग्रेस से मोहन लोहनी, भाजपा से अमित कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
