नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों ने शनिवार को सरकार के खिलाफ कनस्तर बजाकर प्रदर्शन किया। मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डा. आरबी गोदियाल के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने बौराड़ी से जिलाधिकारी कार्यालय तक कनस्तर बजाते हुए जुलूस निकाला और जमकर नारेबाजी की।
आंदोलनकारी बीते 16 अगस्त से बौराड़ी में धरना दे रहे हैं, जबकि 1 सितंबर से क्रमिक अनशन भी शुरू किया गया है। शनिवार को आंदोलनकारियों ने नई टिहरी और बौराड़ी के मुख्य मार्गों से होते हुए डीएम कार्यालय तक ‘कनस्तर बजाओ’ रैली निकाली।
इस दौरान आंदोलनकारियों ने प्रदेश सरकार से मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार की ओर से दो बार मुख्यमंत्री घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि टिहरी की जनता के साथ मेडिकल कॉलेज के नाम पर किसी तरह का धोखा नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द टिहरी में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस मामले में ठोस निर्णय नहीं लिया और निर्माण प्रक्रिया शुरू नहीं की तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
रैली में डा. आरबी गोदियाल, कुलदीप पंवार, लखवीर चौहान, देवेंद्र नौडियाल, गंगा भगत सिंह नेगी, भगवान सिंह रावत, मनोज, आशा रावत, डा. यूएस नेगी, शिवराज पंवार, राहुल बुटोला, सीपी डबराल सहित कई आंदोलनकारी मौजूद रहे।
