नई टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लंबगांव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष लंबगांव ने थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी एवं सघन चेकिंग के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक डैटसन गो कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से कुल 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब को अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। मौके से वाहन चालक नीरज पुत्र ओमपाल, निवासी कोटी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त डैटसन गो कार को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद शराब के संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना लंबगांव में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
