चमोली। जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में 13 अगस्त को हुए टनल हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने राहत का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के निकटतम परिजनों को दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से 19 अगस्त को इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चमोली के पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण हादसा हुआ था। हादसे के दौरान 22 श्रमिक सुरंग के भीतर फंस गए थे, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से स्वीकृत यह सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए चमोली के जिलाधिकारी को मृतकों के परिजनों और घायलों का आवश्यक विवरण ऑनलाइन एक्स-ग्रेशिया पोर्टल पर दर्ज करने तथा बैंक खातों से संबंधित प्रमाणित दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सहायता राशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक दस्तावेज और बैंक विवरण जुटाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को यह आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराई जा सके।
हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के लिए यह सहायता आर्थिक राहत का एक माध्यम बनेगी। प्रशासन की ओर से पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
#Chamoli #ChamoliTunnelAccident #UttarakhandNews #ChamoliNews #PMNRF #TunnelAccident #Uttarakhand #BreakingNews #LatestNews
