फॉर्म-7 आवेदनों की दैनिक सूची सार्वजनिक करने, फील्ड वेरिफिकेशन और मतदाताओं को सुनवाई का अवसर देने की मांग

विकासनगर।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान फॉर्म-7 के संभावित दुरुपयोग को लेकर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की है।
आर्येंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें पार्टी के बीएलए एवं बीएलए-2 पदाधिकारियों से लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से फॉर्म-7 का दुरुपयोग किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। उनका कहना है कि यदि ऐसी शिकायतों की समय रहते जांच नहीं हुई तो पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।
ज्ञापन में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फॉर्म-7 के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों की दैनिक सूची सार्वजनिक की जाए, संबंधित मतदाताओं को पूर्व सूचना देकर अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का अनिवार्य फील्ड वेरिफिकेशन कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के मतदाता सूची से न हटाया जाए।
आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है, लेकिन इसके साथ-साथ प्रत्येक पात्र नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

!-- Google tag (gtag.js) -->