माइक्रो हाइडल परियोजना की नहर टूटी, मलबे से थल-बेरीनाग मार्ग घंटों रहा बंद

बेरीनाग। रविवार दोपहर करीब 12 बजे थल-उडियारी बैंड-बेरीनाग मोटर मार्ग पर चुनी पातल के समीप माइक्रो हाइडल परियोजना की नहर क्षतिग्रस्त होने से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। इससे भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिसके कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मार्ग खोलने के लिए एक जेसीबी मशीन मौके पर भेजी, लेकिन कुछ देर तक मलबा हटाने के बाद वह भी खराब हो गई। इसके चलते सड़क खोलने का कार्य प्रभावित हो गया और मौके पर मौजूद यात्रियों व वाहन चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

मार्ग बंद होने के कारण दिल्ली, हल्द्वानी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, डीडीहाट, मुनस्यारी, धारचूला, बेरीनाग और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाली बसें और सैकड़ों टैक्सी वाहन घंटों तक फंसे रहे। भीषण गर्मी और उमस के बीच यात्री भूखे-प्यासे लगभग पांच घंटे तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान थल में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे वाहन भी जाम में फंसे रहे।

व्यापार संघ अध्यक्ष बबलू सामंत और सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना जंगपागी ने आरोप लगाया कि मार्ग बंद होने की सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दे दी गई थी, लेकिन राहत कार्य के लिए केवल एक जेसीबी मशीन भेजी गई। उन्होंने कहा कि आपदा के समय एक मशीन के भरोसे सड़क खोलना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए अतिरिक्त जेसीबी मशीनों और संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग की।

पहले ही दी गई थी नहर क्षतिग्रस्त होने की चेतावनी

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले सप्ताह आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों ने माइक्रो हाइडल परियोजना की क्षतिग्रस्त नहर को लेकर प्रशासन को अवगत कराया था। लोगों ने आशंका जताई थी कि समय रहते मरम्मत नहीं होने पर बड़ा हादसा और सड़क बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। बावजूद इसके विभाग ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पूरी तरह सुचारु नहीं हो पाया था।

तहसीलदार बेरीनाग दयाल चन्द्र मिश्रा ने बताया कि सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीन भेजने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि भारी मलबा और बड़े बोल्डरों के कारण मार्ग खोलने में समय लग रहा है, जिसे जल्द से जल्द सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

2. बेरीनाग में आज से तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू होगा क्रमिक अनशन

बेरीनाग। क्षेत्र की तीन प्रमुख मांगों को लेकर सोमवार से व्यापार संघ एवं स्थानीय लोगों द्वारा क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है।

व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि लंबे समय से सरकार और संबंधित विभागों को ज्ञापन भेजे जाने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

प्रमुख मांगें

बेरीनाग महाविद्यालय को जोड़ने वाले जर्जर मार्ग का तत्काल सुधार।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाए।

बेरीनाग महाविद्यालय के खेल मैदान का विस्तार कर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाए।

व्यापार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 

3. थल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वाले तीन चालक गिरफ्तार

थल (बेरीनाग)। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थल पुलिस ने तीन वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया है।

जनपद पिथौरागढ़ पुलिस के निर्देश पर थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में थल कस्बे में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते हुए ईश्वर सिंह (दुरलेख), रमेश चंद्र जोशी (भुकुंडा) और संजय सिंह (अलगड़ा) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने तीनों चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज कर दिए।

इस अभियान में अपर उपनिरीक्षक दीपक लेखक, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार तथा कांस्टेबल चालक जगदीश मारकूना शामिल रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->