कारगिल विजय दिवस: रुद्रप्रयाग में सैन्य सम्मान के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर परिजनों का हुआ सम्मान

रुद्रप्रयाग, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रुद्रप्रयाग में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय तथा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल शौर्य दिवस पूरे सैन्य सम्मान, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके परिजनों और वीर नारियों को सम्मानित कर राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।

8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के बास्केटबॉल प्रांगण में आयोजित समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान और कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने कारगिल के रणबांकुरों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कारगिल शहीदों के परिजनों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, जो आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और अद्वितीय रणनीति के कारण देश ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर तथा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के द्वितीय कमान अधिकारी मेजर ओमवीर सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

समारोह में पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कारगिल के वीर सेनानियों के अद्वितीय शौर्य और बलिदान को याद करते हुए समाज से शहीदों के परिवारों और वीर नारियों के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी अनसूया बिष्ट, 8 सिख लाइट इन्फेंट्री के अधिकारी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का भाव वातावरण में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

!-- Google tag (gtag.js) -->