विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

नई टिहरी। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, दिशा-निर्देशों और पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य भी किया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज कराया जा सकेगा। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को होगा।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना और सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। आधार कार्ड केवल पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य होगा, नागरिकता के प्रमाण के रूप में नहीं। साथ ही आधार संख्या उपलब्ध कराना पूर्णतः वैकल्पिक रहेगा।

अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रीय पदाधिकारियों और बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करें तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि यह प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रभावशीलता के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौडियाल, जयेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मनीष पंत, देवेंद्र नौडियाल और गबर सिंह रावत सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->