विशेष गहन पुनरीक्षण के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

नई टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जिला कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को मतदाता सूची के गहन परीक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण शुद्धता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का अद्यतन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण भी किया जाएगा। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य भी इसी अवधि में पूरा किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता अपने दावे और आपत्तियां ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समयसारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अरुण कुमार, राजेंद्र गुंसोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->