बेरीनाग। बेरीनाग कोतवाली की ओर से रविवार को शहीद स्मारक के पास थाना दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी कोतवाल हरीश कोंरगा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, टैक्सी चालकों और क्षेत्रवासियों ने विभिन्न समस्याएं पुलिस के समक्ष रखीं।
थाना दिवस में नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
स्थानीय लोगों ने बेरीनाग-उडियारी-चौकोड़ी-कोटमन्या मार्ग तथा उडियारी बैंड-थल मोटर मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की समस्या भी उठाई। उन्होंने झाड़ियों की कटाई कराने और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।
इस दौरान प्रभारी कोतवाल हरीश कोंरगा ने लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को मकान किराये पर न दें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में 112 तथा हाईवे पेट्रोलिंग नंबर पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस की ओर से लोगों को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की अपील की गई।
इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, ग्राम प्रधान दीप पंत, प्रमोद धारियाल, चंद्र सिंह मेहरा, प्रमोद उप्रेती, भास्कर जोशी, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, अर्जुन सिंह, नीरज चंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
