महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

पुरोला संवाददाता। बुधवार को पुरोला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुरोला तिराहे पर सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। चीनी, गुड़, खाद्य तेल सहित आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल अंकुश लगाने और आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर उग्र आंदोलन करेगी।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, प्रकाश कुमार, हरिमोहन जुवांठा, प्रशांत नेगी, ज्ञानेंद्र जुवांठा, जयवीर रावत, कविंद्र असवाल, राजुली बत्रा, आशा चौहान, अत्री देवी, सुनीता देवी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

!-- Google tag (gtag.js) -->