केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम ने एक सप्ताह में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश, यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य, स्वच्छता और खाद्य आपूर्ति पर विशेष जोर

रुद्रप्रयाग, 31 अगस्त। मानसून के बाद श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए अगले एक सप्ताह में सभी तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के बाद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रा मार्ग, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, खाद्य सामग्री और परिवहन सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शौचालयों की सफाई और पेयजल व्यवस्था पर विशेष निगरानी

डीएम ने यात्रा एवं पैदल मार्ग का निरीक्षण करने वाली विभागीय टीमों को शौचालयों की स्थिति की भी अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शौचालयों में नियमित सफाई, पर्याप्त पानी और आवश्यक सफाई सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

खाद्य सामग्री और गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें

पूर्ति विभाग को यात्रा मार्ग एवं प्रमुख पड़ावों पर खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को भी सुचारू रखने को कहा गया, ताकि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर किसी प्रकार की कमी न हो।

मेडिकल रिलीफ पोस्ट में दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुचारू रखने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग के स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्वास्थ्य टीमों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

मानसून से क्षतिग्रस्त व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से करें दुरुस्त

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा एवं पैदल मार्ग पर जहां भी कमियां सामने आएं, उन्हें तत्काल चिह्नित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर दूर किया जाए। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई व्यवस्थाओं की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना के अनुसार तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और किसी भी कमी के सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि केदारनाथ यात्रा का दूसरा चरण सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम ढंग से संचालित किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->