पुनर्वासन के लंबित प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश
नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील घनसाली, बालगंगा, टिहरी एवं धनौल्टी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में तहसील घनसाली के कण्डार मल्ला गांव के तीन परिवारों के पुनर्वासन प्रकरण पर चर्चा हुई। संबंधित प्रकरण में भू-विज्ञानी की रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट पर सहमति व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित परिवारों को प्रथम किश्त की धनराशि जारी करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में तहसील घनसाली के गवाणा मल्ला एवं अक्वाण गांव के एक-एक परिवार के पुनर्वासन प्रकरण की भी समीक्षा की गई। दोनों प्रकरणों में भू-विज्ञानी की रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान करते हुए संबंधित परिवारों को प्रथम किश्त जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसील बालगंगा के गेंवाली गांव तथा तहसील टिहरी के पलेथ गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। पलेथ गांव में कुल 22 परिवारों के पुनर्वासन के सापेक्ष 21 परिवारों का पुनर्वासन पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष एक परिवार के भूमि हस्तांतरण एवं ट्रांसफर संबंधी कार्यवाही गतिमान है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्रकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा तहसील धनौल्टी में विस्थापित किए जाने वाले 20 परिवारों के पुनर्वासन कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि सभी 20 परिवारों को पुनर्वासन के लिए निर्धारित प्रथम एवं द्वितीय किश्त की शत-प्रतिशत धनराशि जारी की जा चुकी है और पुनर्वासन का कार्य भी पूर्ण हो गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वासन से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पुनर्वासन की सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
