प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए की प्रार्थना, लोककल्याणकारी कार्यों पर हुआ संवाद
हरिद्वार, 8 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज पहुंचे। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यज्ञीय कार्यक्रम में सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान महाकाल एवं मां गायत्री से उत्तराखंड की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के कल्याण और लोकमंगल के लिए भी प्रार्थना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय भेंट की और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। शैलदीदी ने मुख्यमंत्री को युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित वांग्मय एवं साहित्य भेंटकर सम्मानित किया।
भेंट के दौरान प्रदेश एवं समाज के कल्याण, आध्यात्मिक जागरण और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर चर्चा हुई। समाज में संस्कार, सेवा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ ही युवाओं को रचनात्मक दिशा देने वाले अभियानों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यज्ञीय वातावरण में मुख्यमंत्री ने लोकमंगल और प्रदेश की उन्नति की कामना की। डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि भारतीय संस्कृति की लोकमंगलकारी परंपरा व्यक्ति से लेकर समाज और राष्ट्र तक के कल्याण की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक चेतना, सेवा और संस्कारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि, महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शैफाली पंड्या सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
