राजकीय इंटर कॉलेज छापरधार में शिक्षक दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम, शिक्षकों और संस्थापक सदस्यों का हुआ सम्मान

पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने किया नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण

नई टिहरी। राजकीय इंटर कॉलेज छापरधार में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांधा।

पूर्व मंत्री धनाई ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय भवन के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाई थी। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित भवन का लाभ अब विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिल रहा है।

उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाला शिल्पकार होता है। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और सही दिशा देने का कार्य करते हैं। इसलिए समाज में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और शिक्षकों का सम्मान करना सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री ने विद्यालय के संस्थापक सदस्यों एवं शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय की पुस्तक ‘बुराँस’ का भी विमोचन किया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गब्बर सिंह चौहान, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, चंबा व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, लाखीराम डबराल, पूर्व प्रधान देव सिंह पुंडीर, पीटीए संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, हिम्मत सिंह, ग्राम प्रधान विनोद डबराल सहित शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->