सात पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी विदाई, एसएसपी ने किया सम्मान
जिला संवाददाता, रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर में सोमवार को आयोजित विदाई समारोह में अधिवर्षता एवं ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले सात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में एसएसपी अजय गणपति ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्षों की निष्ठापूर्ण, समर्पित और सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देना गौरव की बात है। सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन नई जिम्मेदारियों और नई संभावनाओं से भरा होता है।
उन्होंने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए स्वस्थ, सुखद, शांतिपूर्ण और मंगलमय भविष्य की कामना की। एसएसपी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा से जुड़ी औपचारिकता है, लेकिन पुलिसकर्मी जीवनभर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग बने रहते हैं।
इस अवसर पर ऊधमसिंहनगर पुलिस परिवार की ओर से भी सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त होने वाले साथियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सेवाकाल को याद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
