पुलिस ने बरामद किए 32 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए

गदरपुर। गदरपुर पुलिस ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से विभिन्न तिथियों में गुम हुए 32 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। इनमें चार आईफोन भी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिलेभर में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर उनकी लगातार निगरानी की।

पुलिस की तकनीकी निगरानी और प्रयासों के परिणामस्वरूप विभिन्न कंपनियों के कुल 32 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बुधवार को पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों और आवेदकों को विधिवत सुपुर्द कर दिए।

लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने गदरपुर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।

मोबाइल फोन की बरामदगी में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह बृजवाल, हेड कांस्टेबल हरीश वर्मा, कांस्टेबल सआदत अली, लक्ष्मण कुमार, रविंद्र बिष्ट, महिला कांस्टेबल जानकी बुढ़लाकोटी और महिला कांस्टेबल ललिता कोरंगा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

!-- Google tag (gtag.js) -->