टिहरी में कांग्रेस का सम्मान समारोह, नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

नई टिहरी। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हनुमान चौक स्थित वेडिंग प्वाइंट में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही टिहरी जनपद से प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नई जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं का स्वागत-अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला-शहर कांग्रेस संगठन में विभिन्न दायित्व मिलने पर कई पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया। इनमें अनुशासन समिति में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, नरेंद्र राणा और राकेश राणा, प्रदेश सचिव नरेंद्र चंद रमोला, शहर कांग्रेस के विधि सलाहकार रमेश पेटवाल, सलाहकार शोभन कुमाईं, शहर सचिव ममता खंडूरी व ममता खत्री तथा शहर उपाध्यक्ष नीमा नेगी और रीता रावत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और उन्हें संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को सक्रिय बनाने और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अल्मोड़ा में कार्यकर्ताओं से कथित बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन

सम्मान समारोह के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा कथित बदसलूकी के विरोध में हनुमान चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विरोध स्वरूप मोदी सरकार का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, देवेंद्र नौडियाल, सीमा कृषाली, नगर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, दर्शनी रावत, ममता पंवार, गब्बर रावत, मनीष पंत, धूम सिंह रागंड और रोशन रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->