21वीं सदी के स्वप्नदृष्टा थे राजीव गांधी जी : राकेश राणा

नई टिहरी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं सूचना क्रांति के जनक स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के स्वप्नदृष्टा थे। महज 40 वर्ष की आयु में देश के प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में भारत को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और युवा राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में व्यापक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को गांवों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने का निर्णय भी भारतीय लोकतंत्र में एक ऐतिहासिक कदम माना जाता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज का डिजिटल और तकनीकी भारत राजीव गांधी की दूरदृष्टि और आधुनिक सोच की प्रासंगिकता को दर्शाता है। उनका सपना था कि भारत ज्ञान, विज्ञान और तकनीक की ताकत के बल पर 21वीं सदी में विश्व के अग्रणी देशों की कतार में शामिल हो।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसरफ़ अली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, ममता उनियाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली, प्रधान लक्ष्मी रावत, शहर कांग्रेस महासचिव गब्बर सिंह रावत, वीरेंद्र दत्त, संतोष आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश गुनसोला, विनीता भट्ट, रीना बिजलवान, अनीता शाह, गंगा देवी, मीना पुंडीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->