नई टिहरी। कांवड़ मेले के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने रविवार को मुनिकीरेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मेला प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मेला ड्यूटी में सहयोग कर रहे एसपीओ को टी-शर्ट, टोपी एवं पहचान पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी कार्मिक पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
एसएसपी ने कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को फल, जूस एवं पेयजल वितरित कर उनका स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से यात्रा करने तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने खोया-पाया केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि भीड़ में बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों की सहायता संवेदनशीलता, धैर्य और तत्परता के साथ की जाए, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद को समय पर सहायता मिल सके।
एसएसपी श्वेता चौबे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की सतत निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
