प्रकृति संरक्षण दिवस पर बैनोली में 200 पौधों का वृहद वृक्षारोपण

कर्णप्रयाग। प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर चमोली जनपद के ग्राम बैनोली में मैती संस्था की पहल पर वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में महिला मंगल दल, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, वन विभाग और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के 200 पौधों का रोपण किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का संचालन मैती संस्था के समन्वयक राहुल चौहान ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए हरेला महोत्सव और प्रकृति संरक्षण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता और प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

पौधरोपण के साथ संरक्षण का भी लिया संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मैती संस्था के संस्थापक पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने प्रकृति संरक्षण विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी प्रतिभागियों, महिला मंगल दल, वन विभाग और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर कोहली, रमेश भट्ट, ग्राम प्रधान बैनोली भगत पाल, महिला मंगल दल की अध्यक्ष एवं सदस्य, मैती संस्था के लक्ष्मण रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर पौधरोपण एवं पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।

!-- Google tag (gtag.js) -->