नई टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-11, नरेंद्रनगर का दौरा कर अभियान की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अब तक किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया और अभियान को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) ने प्रतिभाग किया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति देते हुए अब तक की प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। अपर आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करते हुए प्रत्येक कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
राजनीतिक दलों से भी लिया फीडबैक
समीक्षा बैठक के बाद अपर आयुक्त ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष और विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
बैठक के उपरांत अपर आयुक्त, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर ने विधानसभा क्षेत्र के चार मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति तथा पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार नरेंद्रनगर विनोद तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
