नई टिहरी। जनपद में विगत रात्रि से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते जिले के कई मोटर मार्ग बाधित होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को निर्देशित कर बाधित मार्गों को खोलने का कार्य लगातार जारी रखा गया।
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आने वाला सटेंगल मोटर मार्ग और घुत्तू-गंगी मोटर मार्ग बाधित रहे। वहीं, नई टिहरी-श्रीनगर मोटर मार्ग भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ, जिसे प्रशासन द्वारा तत्परता से खुलवा दिया गया।
इसके अलावा ग्रामीण और राज्य मार्गों पर भी बारिश का असर देखने को मिला। गुल्लर-भगवासेरा ग्रामीण मोटर मार्ग, गुल्लर-नाई-माथियाली राज्य मार्ग, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी राज्य मार्ग, देवप्रयाग-गाजा-जाजल राज्य मार्ग, लालपुल-भूतसी ग्रामीण मोटर मार्ग, रानीचौरी-नकोट ग्रामीण मोटर मार्ग तथा दिवाड़ा-बांगोली-राजराजेश्वरी मंदिर ग्रामीण मोटर मार्ग भी समय-समय पर बाधित होते रहे। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की मदद से इन मार्गों को खोलने का प्रयास लगातार किया जाता रहा।
समाचार लिखे जाने तक जिले के कुछ मोटर मार्ग अभी भी बाधित बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन की ओर से मार्गों की निगरानी की जा रही है और बाधित सड़कों को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास जारी हैं।
