रुद्रप्रयाग, 27 जुलाई। हरेला पखवाड़ा के अंतर्गत जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में सोमवार को वृहद स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा वरिष्ठ मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला सूचना कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान से हुई। प्रतिभागियों ने परिसर में फैले कूड़ा-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लोगों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील भी की गई।
स्वच्छता अभियान के उपरांत प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कार्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने हरेला पखवाड़ा को जन-जन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए लगाए गए पौधों की सतत देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अनसूया प्रसाद मलासी, हरेंद्र नेगी, राजेश सेमवाल, रोहित डिमरी, दीपक बिष्ट और हिमांशु सेमवाल सहित जिला सूचना कार्यालय के सहायक लेखाकार नितिश फरासी, कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, डाटा एंट्री ऑपरेटर राकेश नौटियाल, सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव विनय भट्ट, नरेंद्र पंवार, दीपक गोस्वामी, आनंद सिंह बिष्ट तथा भुवनेश सिंह नेगी उपस्थित रहे।
